मुरादाबाद। त्योहार मनाने के लिए घर बंद करके जाना परिवारों को महंगा पड़ गया। चोरों ने रात के अंधेरे में दो मकानों और एक दुकान के ताले तोड़कर लाखों का माल पार कर दिया। दीनदयाल नगर में फ्लैक्स प्रिटिंग कारोबारी के घर से करीब छह लाख के गहने और नगदी चोरी कर लिए तो उसके किराएदार के घर से 50 हजार रुपये का माल पार कर दिया। कांशीराम नगर में भी चोरों ने एक बीमा कर्मी का घर खंगाल डाला।
दीनदयाल नगर में सचिन स्वीट्स के पास फ्लैक्स कारोबारी विलकेश शर्मा का मकान है। गुरुवार को वह पत्नी और बच्चों को लेकर बिजनौर अपनी ससुराल गए थे। पत्नी और बच्चे वहीं रुक गए, विलकेश रात करीब आठ बजे लौट आए। लेकिन घर आने की बजाए वह पीतलनगरी में अपने कारखाने चले गए और रात में वहीं रुक गए। सुबह पड़ोसियों ने मकान के ताले टूटे देखे तो कारोबारी को फोन मिलाया। विलकेश ने लौटकर देखा तो कमरों के ताले भी टूटे थे। अलमारी से जेवर, नगदी समेत छह लाख का माल गायब था। चोर मकान के निचले तल पर रहने वाले किराएदार विपिन शर्मा के कमरों के ताले तोड़कर भी करीब 50 हजार का माल चुरा ले गए थे। विपिन ने बताया कि वह त्योहार मनाने अपने घर लखनऊ गए थे। यहां निजी कंपनी में काम करते हैं। पुलिस ने पहुंचकर पड़ताल की, लेकिन चोरों का सुराग नहीं लगा।
यही नहीं, चोरों ने मकान से कुछ दूरी पर स्थित भगवती प्रोविजन स्टोर के ताले तोड़कर करीब 20 हजार रुपये का माल चोरी कर लिया। स्टोर मालिक समीर कुमार ने बताया कि चोरों ने गैलरी की ओर से दुकान के ताले तोड़े। अंदर से नगदी और खानपान का सामान ले गए। उधर, कांशीराम नगर ई ब्लाक में चोर बीमाकर्मी राजकुमार सक्सेना के घर से लाखों का माल चुरा ले गए। राजकुमार ने बताया कि वह परिवार के साथ बरेली गए थे। सुबह पड़ोसियों ने सूचना दी। लौटकर उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
--