मुरादाबाद। जिले की प्रारंभिक सहकारी कृषि ऋण समितियों का भाग्य तय हो गया। 57 समितियों के लिए सभापति और उप सभापतियों का चुनाव समिति के नौ-नौ संचालकों ने किया। मुरादाबाद, बिलारी, मूढ़ापांडे और डिलारी ब्लाकों की कई समितियों में दिन भर खासी जोड़तोड़ चली। शाम तक समितियों की सियासत तो तय हो गई किंतु सहकारी दिग्गजों एवं विधायकों द्वारा विभिन्न सहकारी संस्थाओं में अपनों को भेजने की जोड़-गांठ के चलते डायरेक्टर के परिणाम घोषित नहीं किए गए।
मंगलवार को समितियों में सभापति और उपसभापतियों का चुनाव था। साथ ही समितियों के संचालक मंडल के जरिए जिला सहकारी बैंक, जिला सहकारी संघ, केंद्रीय उपभोक्ता भंडार, पीसीएफ, पीसीयू, पीसीबी सहित अन्य सहकारी संघों के लिए डायरेक्टर का निर्वाचन हुआ। निर्वाचन प्रक्रिया शाम 5 बजे तक थी जिसमें सभापति और उप सभापति का चुनाव फाइनल कर दिया गया किंतु एक मात्र विकास खंड द्वाकुरद्वारा को छोड़कर अन्य ब्लाकों से डायरेक्टरों की सूची घोषित नहीं की गई। ठाकुरद्वारा में डीसीबी के लिए 17, केंद्रीय उपभोक्ता भंडार के लिए 2, डीसीएफ के लिए 3 और अन्य सहकारी संघों के लिए 27 डायरेक्टर चुने गए हैं। विभागीय तौर पर कहा गया कि लिस्ट बनाने में समय लगेगा इसलिए घोषणा बुधवार को होगी।