मुरादाबाद। पहले एमसीए फिडे इंटरनेशनल रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता में कानपुर के दीपक कटियार ने पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं टीम चैंपियनशिप पीएमएस पब्लिक स्कूल के नाम रही। प्रतियोगिता के समापन पर रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
पीएमएस पब्लिक स्कूल में छह दिन चली शतरंज प्रतियोगिता में कानपुर के दीपक कटियार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। हरियाणा के अंतर्राष्ट्रीय मास्टर हिमांशु शर्मा दूसरे और लखनऊ के अहमद सईद तीसरा स्थान पर रहे। अंडर-9 में पीएमएस के उत्कर्ष राउत, अंडर-11 में तथागत पाल, अंडर-17 में निधिष शंकर ने पहला स्थान प्राप्त किया। टीम चैंपियनशिप में पीएमएस पब्लिक स्कूल पहले और आरआरके दूसरे पर रहा। रेटिंग खिलाड़ियों में प्रथम पुरस्कार राजीव, उदित राज सक्सेना, दिव्यांशु हसीजा को विभिन्न कैटेगरी में दिया गया। बालिका वर्ग में बेस्ट खिलाड़ी का पुरस्कार कविता पटेल को मिला। बेस्ट वेटरन पुरस्कार पूर्व राष्ट्रीय कोच सैय्यद नासिर अली को दिया गया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। समारोह का संचालन मुरादाबाद चैस अकादमी के महासचिव उत्तम राउत रहे। मुख्य अतिथि डीआईजी शैलेंद्र प्रताप सिंह रहे। उन्होंने खिलाड़ियों के साथ अपने अनुभव बांटे। उन्होंने कहा कि जीतना महत्वपूर्ण नहीं होता महत्वपूर्ण होता है प्रतियोगिता में हिस्सा लेना। इस अवसर पर पीएमएस पब्लिक स्कूल के प्रबंधक जेके गोयल, निदेशक हरिओम अग्रवाल, विनोद खन्ना, आयोजन सचिव अजय चंदेल मुख्य रूप से मौजूद रहे।