मुरादाबाद। चंदौसी में मुफलिसी के चलते लालवती नाम की एक महिला की मौत हो गई। इस गरीब महिला की मौत ने प्रदेश में हड़कंप मचा दिया है। सरकार ने शुक्रवार की दोपहर को आपात संदेश भेजकर हर जिले में भूख से मरने वालों की रिपोर्ट तलब की। आदेश था कि दो घंटे के भीतर पूरा ब्यौरा भेजा जाए।
भीमनगर जिले में चंदौसी क्षेत्र के गांव करेला निवासी गजराम की पत्नी लालवती की मौत हो गई थी। वह बीमारी से तो जूझ ही रही थी पूरी खुराक भी नहीं मिली। मुफलिसी से जूझ रही लालवती की शाम को मौत हो गई थी। शुक्रवार को यह मामला शासन तक पहुंच गया। सरकार ने दोपहर में ही प्रदेश के सभी जिलों को पत्र भेजकर ऐसे लोगों पर रिपोर्ट मांगी जो भूख से मरे हों। दोपहर को प्रशासन के समक्ष पहुंची इस चिट्ठी ने हड़कंप मचा दिया। मुरादाबाद प्रशासन के पास करीब तीन बजे शासन का यह इमरजेंसी संदेश आया। तत्काल रिपोर्ट तैयार कराई गई है। मुरादाबाद प्रशासन ने जो रिपोर्ट भेजी है उसके मुताबिक मुरादाबाद जिले में भूख से किसी की मौत नहीं हुई है।
इलाज के लिए शासन से गुहार लगा रहे गरीब
मुरादाबाद। गंभीर रोगों से लड़ रहे तमाम गरीब ऐसे हैं जो इलाज के लिए सरकार से पैसा मांग रहे हैं। मुरादाबाद जिले में ही ऐसे लोगों की संख्या पचास से ज्यादा है। शासन तक इनकी गुहार पिछले दो साल से पहुंच रही है लेकिन अभी तक नतीजा सिफर ही है।