दुकानों के बाहर कूड़ा फैलाने वालों पर अब नगर निगम ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। ऐसे दुकानदारों को चिह्नित कर अब एक हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। अभी तक जुर्माने की धनराशि सौ रुपये थी। सफाई होने के बाद कूड़ा फैलाने की शिकायत सफाईकर्मियों ने निगम अधिकारियों से की थी।
बाजरों में गंदगी होने की शिकायत लगातार अफसरों को मिल रही थीं। इस मामले को शहर विधायक नगर निगम की बोर्ड मीटिंग में भी उठा चुके हैं। उसके बाद नगर आयुक्त ने बाजारों में रात में सफाई शुरू कराई, जिससे दुकानदाराें को परेशानी न हो। उसके बावजूद दिनभर गंदगी फैली रही। इसके बाद पाया गया कि सफाई होने के बाद कई दुकानदार दुकानों की सफाई कर कचरा सड़कों पर फेंक देते हैं।
नगर आयुक्त ने पिछले दिनों सड़कों पर गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माना लगाने के आदेश दिए थे। इन पर सौ-सौ रुपये का जुर्माना लगाया गया था। उसके बावजूद कचरा सड़कों पर फैलाया जाता रहा। अब जुर्माना राशि को बढ़ाकर एक हजार रुपये कर दिया गया है। निगम अफसरों ने गांधी जयंती पर लोगों से सफाई का संकल्प लेने की अपील की है। मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि गंदगी फैलाने वालों को चिह्नित कर जुर्माना लगाने का काम अक्तूबर में ही पहले सप्ताह से शुरू कर दिया जाएगा। किसी को शहर को गंदा करने की इजाजत नहीं दी जा सकती है।