मझोला के एकता कालोनी की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। मझोला थानाक्षेत्र के एकता कालोनी में रविवार दोपहर छत पर पतंग उड़ा रहा तीसरी कक्षा का छात्र हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। जिसमें छात्र बुरी तरह से झुलस गया। इस हादसे से गुस्साए लोगों ने एकता कालोनी में जाम लगाकर हंगामा किया और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंच गई और पुलिस ने लोगों को शांत किया और जाम खुलवा दिया।
एकता कालोनी में फैक्ट्री कर्मचारी दिनेश कुमार का परिवार रहता है। रविवार दोपहर दिनेश का बेटा प्रिंस (8) छत पर पतंग उड़ा रहा था। इसी दौरान छत से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से पतंग का मांझा टच हो गया। जिससे छात्र बुरी तरह से झुलस गया। बच्चे की चीख पुकार सुनकर परिजन छत पर पहुंच गए और उन्होंने किसी तरह बच्चे को बचाया। इसके बाद बच्चे को जिला अस्पताल भेज दिया गया। हादसे की जानकारी से कालोनी वासी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने एकता कालोनी में जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने गुुस्साए लोगों को समझाने की कोशिश की। लेकिन लोग अड़ गए कि जब तक छतों से गुजर रही बिजली लाइन नहीं हटाई जाएगी। तब वह जाम नहीं खोलेंगे। बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी। पुलिस ने समझाया कि वह इस मामले की बिजली विभाग के ऊपर अधिकारियों से बात करेंगे। इसके बाद लोग शांत हो गए और जाम खोल दिया। मझोला इंस्पेक्टर राजेंद्र कुमार नागर ने बताया कि करंट लगने से एक बच्चा झुलस गया था। हादसे से गुस्साए लोगों ने जाम लगाया था।