मौसम के तेवर में उतार-चढ़ाव
बारिश-धूप की जुगलबंदी से फीवर-डायरिया का खतरा
- बैक्टीरिया पनपने के लिए काफी मुफीद है यह मौसम
- सरकारी-प्राइवेट हास्पिटल में वायरल फीवर के मरीज बढ़े
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद।
बारिश के बाद की धूप आपकी सेहत नासाज बना सकती है। इसलिए सावधानी बरतें। बारिश और धूप की ये जुगलबंदी लोगों की सेहत बिगाड़ने के लिए काफी है। इस मौसम में छोटे और बड़ों में वायरल फीवर और डायरिया का खतरा बढ़ गया है। यही वजह है कि सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों की ओपीडी में रोजाना फीवर और उल्टी दस्त के मरीज बढ़ने लगे हैं।
मंगलवार की रात बारिश के बाद मौसम का तेवर बदल गया है। बारिश के बाद फौरीतौर पर मौसम खुशगवार बन गया है। लेकिन इसके बाद बीच-बीच में तेज धूप हो रहा है। वहीं तपती धरती से निकली गर्मी से मौसम में उसम पैदा कर दे रही है। बारिश और धूप का यह मौसम लोगों को बीमार बनाने के लिए काफी है। इसका असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। सरकारी और प्राइवेट अस्पताल की ओपीडी में वायरल फीवर के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। छोटे हो या बड़े सभी इसकी चपेट में हैं। जिला अस्पताल के वार्ड फुल होने लगे हैं।
बदले मौसम में वायरल का खतरा अधिक
मुरादाबाद। फिजीशियन डा. सीपी सिंह का कहना है कि इस बदलते मौसम में लोगों में वायरल फीवर होने की आशंका अधिक होती है। इसलिए लोगों को अपनी सेहत का विशेष ध्यान देना चाहिए। खासकर खानपान में कुछ ज्यादा ही एहतियात बरतना चाहिए।
बच्चों के खानपान पर ध्यान दें
मुरादाबाद। जिला अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डा. राजेंद्र कुमार का कहना है कि इन दिनों ओपीडी में आने वाले अधिकांश बच्चों में बुखार और उल्टी-दस्त की शिकायत है। ऐसे मौसम आ रहे बदलाव के चलते हो रहा है। ऐसे में बड़ों के साथ-साथ बच्चों के भी खानपान का खास ध्यान देना चाहिए।
जलजनित और मच्छरजनित बीमारी का खतरा
मुरादाबाद। बारिश जलजनित और मच्छर जनित रोगों के लिए मुफीद है। इस मौसम में बैक्टीरिया और वायरस बड़ी तेजी से पनपते हैं। ऐसे में जरा सी लापरवाही आपकी सेहत बिगाड़ सकती है। इसलिए खानपान जरा संभलकर करें। बारिश से मक्खियों और मच्छरों की संख्या में बढ़ोतरी होती है। ऐसे में जलजनित और मच्छरजनित बीमारी का खतरा अधिक होता है।
सलाह
- खुली और बासी चीजें न खाएं
- कटे और सड़े फल न खाएं
- स्वच्छ और उबला पानी पीएं
- आसपास साफ-सफाई रखें
- मच्छरदानी का प्रयोग करें
- हवादार कमरे में सोएं