मुरादाबाद। मुंबई एयरपोर्ट स्थित कस्टम ऑफिस में नौकरी दिलाने के नाम पर एक अधिवक्ता से 85 हजार रुपये ठग लिए गए। इस मामले में सिविल लाइन थाने में पांच लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज करवाई गई है। आरोप है कि पांचों आरोपियों ने खुद को कस्टम अधिकारी बताकर वारदात को अंजाम दिया है।
कोतवाली थानाक्षेत्र स्थित फीलखाना रेती स्ट्रीट में रहने वाले जमशेद अधिवक्ता हैं। उन्होंने बताया कि 21 फरवरी को मुंबई निवासी गुलरेज, आवज एवं फिरोज उनसे अमरोहा में मिले थे। उन्होंने खुद को कस्टम अधिकारी बताया। तैनाती मुंबई एयरपोर्ट कस्टम ऑफिस में बताई कहा कि उन्हें कस्टम विभाग में नौकरी दिला दी जाएगी। उनका फोन नंबर लिया और बताया कि नियुक्ति अधिकारी का फोन उनके पास आ जाएगा। जमशेद ने बताया कि वह 25 जून को चैंबर पर बैठे थे तभी उनके पास देवीदास शुक्ला और तनिश का फोन आया, जिन्होंने खुद को मुंबई स्थित एयरपोर्ट का नियुक्ति अधिकारी बताया और नौकरी दिलाने की बात कही गई। इसकी एवज में औपचारिकताएं पूरी करने के लिए 85 हजार रुपये बैंकखाते में जमा कराने के लिए कहा था। जमशेद ने बताए गए बैंक खाते में रकम जमा करवा दी, जिसके बाद उनके पास नियुक्ति के कूटरचित दस्तावेज ईमेल के जरिए भेजे गए और एक लाख 99 हजार रुपये की मांग की गई। शक होने पर जमशेद ने मुंबई एयरपोर्ट पर इस संबंध में फोन कर जानकारी मांगी तो पता चला कि उनके साथ ठगी की गई है। आरोपियों से 85 हजार रुपये वापस मांगने पर अधिवक्ता से गाली गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। एसएचओ सिविल लाइन नवल मारवाह ने बताया कि शिकायत मिलने पर गुलरेज, आवज, फिरोज, देवीदास शुक्ल और तनिश के खिलाफ रविवार को एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।