मुरादाबाद। मुरादाबाद रेल मंडल के बालावाली में सोमवार शाम साढ़े पांच बजे डाउन लाइन पर गेहूं लदी मालगाड़ी के चार डिब्बे पटरी से उतर गए। चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर मालगाड़ी रोक दी, लेकिन तब तक दूर तक ट्रैक उखड़ चुका था। इस हादसे की जानकारी से रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर अधिकारी एआरटी लेकर मौके पर पहुंच गए। जहां हादसा हुआ है। वहां कुछ देर पहले ही ट्रैक पर मरम्मत कार्य किया गया था। इस हादसे की वजह से डाउन लाइन पर ट्रेनों का संचालन ठप हो गया।
डीआरएम अजय कुमार सिंघल ने बताया कि सोमवार शाम गेहूं लदी मालगाड़ी पंजाब से पश्चिम बंगाल जा रही थी। सोमवार करीब साढे़ पांच बजे मालगाड़ी बालावाली से गुजर रही थी। इसी दौरान मालगाड़ी की बोगी संख्या 11, 12, 13 और 14 पटरी से उतर गईं। पटरी से उतरे पहिये दूर तक ट्रैक को उखाड़ते ले गए। चालक ने इमरजेंसी ब्रेेक लगाकर मालगाड़ी रोक दी। इसके बाद रेलवे कंट्रोल रूम में सूचना दी। जिससे रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। इस हादसे की वजह से डाउन लाइन पर ट्रेनों का संचालन बंद करा दिया गया। बताया जा रहा है कि जिस जगह मालगाड़ी पटरी से उतरी है। वहां कुछ देर पहले ही मरम्मत कार्य करने के बाद मालगाड़ी को धीमी गति से गुजारा जा रहा था। माना जा रहा है कि मरम्मत कार्य में कहीं खामियां रह गईं। जिस वजह से मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतरे। डीआरएम अजय कुमार सिंघल ने बताया कि एआरटी को मौके पर बुला लिया गया है। डिब्बों को पटरी पर चढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।