खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग की टीमों ने सोमवार को चार जगहों पर निरीक्षण कर दूध, पनीर, दही के छह सैंपल लिए। टीम ने प्रतिष्ठानों में सफाई व्यवस्थाएं भी परखी।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी महेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि दूध और दूध से बने उत्पादों में मिलावट की शिकायत मिल रही थी। इसके चलते विभागीय टीमें बनाई गई। टीमों ने सोमवार को बंगला गांव, डिप्टी गंज और कांठ रोड में डेरियों में औचक निरीक्षण किया। बंगला गांव स्थित दूध भंडार से खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमिता जिज्ञासु ने पनीर, राजीव वर्मा ने मिश्रित दूध और खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेश पाल ने दूध डेरी से पनीर और श्रीप्रकाश ने मिश्रित दूध का सैंपल लिया। डिप्टी गंज चौराहा स्थित प्रतिष्ठान से खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजीव ने दही और कांठ रोड अगवानपुर के प्रतिष्ठान से मिश्रित दूध का सैंपल लिया गया।
मुख्य खाद्य अधिकारी ने बताया कि छापामारी के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में गंदगी मिली। सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं करने पर कार्यवाही और लाइसेंस निरस्त करने की चेतावनी दी गई। उन्होंने कहा कि सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं। सैंपल फेल आने पर कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने बताया कि खाद्य पदार्थों की सैंपल लेने का अभियान होली तक जारी रहेगा।