कालेजों में वार्षिक परीक्षा का माहौल बन चुका है। परीक्षा फार्म भरने के बाद कालेजों को अब प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए रोल लिस्ट का इंतजार हो रहा है। परीक्षा प्रभारी का कहना है कि वार्षिक परीक्षा से पहले प्रयोगात्मक परीक्षा कराना कालेजों के लिए चुनौती होगी।
विश्वविद्यालय द्वारा विलंब शुल्क के साथ भरवाए गए परीक्षा फार्म को कालेजों द्वारा विश्वविद्यालय में शुक्रवार को जमा किया गया है। हिंदू कालेज के प्राचार्य डॉ. केसी गुप्ता ने बताया कि गुरुवार को विश्वविद्यालय की ओर से आंतरिक और वाह्य परीक्षकों की सूची मिल चुकी है। रोल लिस्ट का इंतजार किया जा रहा है, ताकि रोल नंबर के आधार पर बैच बनाकर प्रयोगात्मक परीक्षा की तारीख निर्धारित की जा सके। केजीके कालेज के आनलाइन परीक्षा प्रभारी डॉ. योगेंद्र सिंह ने बताया कि दूसरे प्रदेशों से भी वाह्य परीक्षक बुलाए जा रहे हैं। उन्हें सूचित करने के कम से कम दस दिन बाद का समय प्रयोगात्मक परीक्षा का होता है, क्योंकि उनके रिजर्वेशन के लिए इतने दिन का समय चाहिए। कई बार वह आने से इन्कार कर देते हैं तो उनके स्थान पर दूसरे परीक्षकों से संपर्क करना पड़ता है। एक की कक्षा के कई-कई बैच होते हैं। रोल लिस्ट आने में अभी कम से कम पांच से छह दिन का समय लग जाएगा। उसके बाद ही प्रक्रिया शुरू हो पाएगी।