भगतपुर (मुरादाबाद) ।
थाना क्षेत्र के ग्राम सत्तीखेड़ा में शुक्रवार को एक निर्माणाधीन मकान में बन रहे शौचालय के टैंक में भरे पानी में डूबकर ढाई साल के मासूम की मौत हो गई ।
गांव के ही एक निजी विद्यालय में शिक्षक राकेश सिंह का ढाई वर्षीय इकलौता बेटा हिमांशु शुक्रवार सुबह खेलते समय अचानक घर से बाहर निकाल गया था। थोड़ी देर बाद परिजन उसे ढूंढते हुए बाहर आए लेकिन उन्हें हिमांशु नहीं दिखा। परिजन हिमांशु की गांव में तलाश रहे थे इसी बीच राकेश सिंह के घर के समीप ही एक निर्माणाधीन मकान के शौचालय के टैंक में हिमांशु पड़ा दिखाई दिया। टैंक से हिमांशु को बाहर निकालकर उसे उपचार के लिए काशीपुर ले जाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर सुनकर घर में कोहराम मच गया। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम नहीं करवाया है।
रक्षाबंधन पास, इकलौते भाई की मौत से बहनों का रोकर बुरा हाल
मुरादाबाद। रक्षाबंधन का त्यौहार पास है। हिमांशु तीन भाई बहनों में सबसे छोटा था। परिवार में उससे बड़ी दो बहनें निकिता (11) एवं ज्योति (7) हैं। इकलौते भाई की मौत से दोनों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दोनों बहनें भाई का नाम लेकर रोती रहती हैं और परिवार वालों से पूछती रहीं हैं कि वह किसे राखी बांधेंगी? दोनों बच्चियाें को रोता देख ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं। हिमांशु की मां सरोज देवी का भी रो-रोकर बुरा हाल है।