मुरादाबाद। कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार ने दो दिन भी इस साल के रिकार्ड को तोड़ दिया। सोमवार को जिले में 81 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। संक्रमितों में शहर के मोहल्ला मिलन विहार में एक ही परिवार से जुड़े आठ लोग शामिल हैं। वहीं शहर के एक कपड़ा शोरूम मालिक, उनकी पत्नी और बेटा भी संक्रमित मिले हैं। तीन अप्रैल को वर्ष 2021 में सर्वाधिक 67 लोग कोरोना संक्रमित मिले थे।
फरवरी में धीम पड़ी कोरोना की रफ्तार एकदम से तेज हो गई है। मार्च में 190 संक्रमित मरीज मिले। वहीं अप्रैल के पांच दिनों में 207 पॉजिटिव केस मिले चुके हैं। सोमवार को आई रिपोर्ट में 81 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। जो इस साल का अभी तक का सर्वाधिक पॉजिटिव केस है। आठ पॉजिटिव केस अकेले शहर के मोहल्ला मिलन विहार में पाए गए हैं। ये सभी आठ एक ही परिवार से जुड़े हैं। वहीं शहर के एक कपड़ा शोरूम मालिक, उनकी पत्नी और बेटे की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। संक्रमितों में छात्र, निर्यातक, नैनीताल से लौटा परिवार, टीडीआई सिटी में पिता-पुत्र शामिल हैं। इसके अलावा कटघर, यमुना विहार, खुशहाल नगर, लक्ष्मीनगर, प्रिंस रोड गांधीनगर, बुधबाजार, चौक बाजार, हरथला कालोनी, गंज बाजार, गाड़ीखाना, पीतलनगरी में भी पॉजिटिव केस मिले हैं। इसके साथ जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या अब 12291 हो गई है, जबकि सक्रिय मरीजों की संख्या 270 पहुंच गई है।