मतदाता पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही बरतने वाले 85 बीएलओ को नोटिस जारी हो गए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वीडियो कांफ्रेंसिंग के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से यह कार्यवाही की गई है। इससे बीएलओ में खलबली मची है।
एक जून से मतदाता पुनरीक्षण कार्य चल रहा है। मुरादाबाद जिले में 2400 बीएलओ की ड्यूटी लगाई गई है। इनमें अधिकांश बीएलओ शिक्षक हैं। 30 जून तक चलने वाले अभियान में मतदाताओं का सत्यापन होना है। इसमें 85 साल से अधिक उम्र के मतदाताओं का प्राथमिकता के आधार पर सत्यापन किया जा रहा है। जिले में 85 बीएलओ ड्यूटी से गायब हैं। इन्होंने अभी तक ड्यूटी नहीं की है। विगत दिवस मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ हुई वीसी में ड्यूटी से गायब बीएलओ के खिलाफ कार्यवाही करने के आदेश दिए थे। मुरादाबाद के जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने 85 बीएलओ को नोटिस जारी कर दिए हैं।