विकास कराने के लिए केंद्र-प्रदेश की सरकारें वचनबद्ध : दिनेश शर्मा
प्वाइंटर
भाजपा में परिवारवाद नहीं, अन्य दलों में कुछ परिवार बढ़े
सोनिया को पार्टी में नहीं दिखाई दे रहा अपना कोई विकल्प
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। उप मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री दिनेश शर्मा ने पत्रकारों से कहा कि सचिन पायलट और राहुल गांधी कह रहे हैं कि हिंदुस्तान में विकास पागल हो गया है। ये ठीक बात है क्योंकि देश और प्रदेश की सरकारें विकास कराने के लिए वचनबद्ध हैं। राहुल गांधी विदेश में बैठकर ट्वीट करते हैं, क्योंकि वहीं पर उनकी विदेशी मानसिकता काम करती है। अक्सर वह अपनी ननिहाल जाते हैं।
परिवारवाद के सवाल पर उन्होंने कहा कि इटावा के एक परिवार में बच्चे के जन्म पर कहा जाता था कि प्रधान आ गए या ब्लाक प्रमुख आ गए। इसी तरह आजादी के बाद से एक ही परिवार राजनीति में बढ़ा। आज सोनिया गांधी अपना विकल्प तलाश रही हैं। उन्हें पूरी पार्टी में कोई दिखाई नहीं दे रहा। भाजपा में परिवारवाद नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परिवार के सदस्य छोटे-मोटे काम करके अपने परिवार चला रहे हैं। भाजपा का सामान्य कार्यकर्ता भी ईमानदारी और मेहनत के साथ काफी आगे बढ़ सकता है।
निकाय चुनाव में टिकट के संबंध में उन्होंने कहा कि पार्टी परिवारवाद में विश्वास नहीं करती। मापदंडों पर खरा उतरने वाले व्यक्ति पर ही भाजपा विचार करती हैं, जिनमें पहला मापदंड है कार्यकर्ता होना, दूसरा भ्रष्टाचार से मुक्त हो, तीसरा जीतने की क्षमता वाला हो तथा चौथा पार्टी की रीति, नीति और सिद्धांतों पर चलने वाला होना चाहिए।