दिल्ली निजामुद्दीन मरकज में हुई तब्लीगी जमात में शामिल हुए जिन जमातियों को पूरे देश में खोजा जा रहा है, उनमें से 64 जमाती मुरादाबाद के अलग अलग हिस्सों में स्थित मस्जिदों और मदरसों से मिले हैं। इनमें आठ इंडोनेशियाई नागरिक भी हैं। एक सूचना के बाद एसएसपी अमित पाठक के नेतृत्व में देर शाम शुरू हुई व्यापक कार्रवाई के दौरान शहर की चार मस्जिदाें और मदरसे से तब्लीगी जमात के 54 सदस्य मिले। इनमें से 36 असम के रहने वाले थे।
ठाकुरद्वारा क्षेत्र की मस्जिदों से मिले जमातियों में आठ इंडोनेशियाई नागरिक और दो तमिलनाडु के निवासी हैं। भारी पुलिस फोर्स के साथ हुई कार्रवाई में इन सभी जमातियों को मस्जिदाें से निकालकर पीटीसी में बने आईसोलेशन सेंटर में भर्ती करा दिया गया है। देर रात तक ऐसे दूसरे लोगों की सर्च जारी थी।
दिल्ली निजामुद्दीन में एक मार्च से 15 मार्च तक धार्मिक जलसे का आयोजन हुआ था। इसमें शामिल हुए कई लोग कोरोना पाजिटिव पाए गए हैं। ऐसे में दिल्ली मरकज में शामिल हुए लोगों की देशभर में तलाश की जा रही है। मरकज के लोग जिन प्रदेशों में पहुंचे हैं वहां भी उनमें से कई कोरोना पाजिटिव निकले हैं। तब्लीगी जमात में शामिल हुए लोगों को चिन्हित करके क्वारंटीन किया जा रहा है। लेकिन इनमें से 1600 लोग पूरे देश में गुम हैं।
मुरादाबाद में भी प्रशासन ऐसे लोगों को तलाश रहा था। बुधवार को प्रशासन को इस मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी। इनपुट मिलने के बाद एसएसपी अमित पाठक की अगुवाई में पुलिस की टीमों ने कोतवाली, मुगलपुरा, कटघर, नागफनी, मझोला, कांठ, बिलारी, ठाकुरद्वारा और कुंदरकी थाना क्षेत्रों में छापामारी की। शहर की चार मस्जिदों और कुछ मदरसों से 54 ऐसे लोग मिले हैं जो दिल्ली मरकज में आयोजित धार्मिक जलसे में शामिल हुए थे। इनमें से 36 असम के नागरिक हैं।
यह अलग-अलग तारीखों में दिल्ली मरकज से लौटे और यहां मस्जिदों में छोटे छोटे ग्रुप में रहने लगे। नोडल अधिकारी / एसपी यातायात सतीश चंद्र ने बताया कि बुधवार रात तक 64 लोगों को पकड़ा जा चुका है। इनमें अधिकांश लोग अन्य जनपद और प्रदेशों के हैं। ये मस्जिदों, मदरसे और घरों में ठिकाना बनाकर रह रहे थे। इन सभी को एंबुलेंस के जरिए पीटीसी में बने नर्मदा क्वारंटीन सेंटर में ले जाया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम इनकी जांच कर रही है। देर रात तक भी छापामारी चल रही थी।
एसएसपी, अमित पाठक ने बताया कि जिले में कुल 64 लोग ऐसे मिले हैं दिल्ली मरकज में शामिल होकर लौटे थे। इनमें से ठाकुरद्वारा में जो तब्लीगी जमात के 10 लोग मिले हैं उनमें से आठ इंडोनेशिया के नागरिक हैं। बरामद लोगाें में से ज्यादातर असम के रहने वाले जमाती हैं। इन सभी को नर्मदा हास्टल में बने आईसोलेशन सेंटर ले जाया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी इनकी जांच कर रहे हैं। इनके संपर्क में आए लोगों की भी सूची बनाई जा रही है। उन्हें भी क्वारंटीन किया जाएगा। छापामारी जारी है, संख्या में अभी इजाफा हो सकता है।