26 जनवरी 2019 को राजपथ पर होने वाली गणतंत्र दिवस की परेड के लिए शहर की बेटियां प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए बेकरार हैं। इस बार बरेली ग्रुप की दस एनसीसी कैडेट ने प्री रिपब्लिक डे कैंप टू शिविर में प्रतिभाग करने के लिए जगह बनाई है। एनसीसी अधिकारी ने बताया कि इतनी संख्या में चयन प्रवेश में अच्छे कैडेट मिलने का परिणाम है।
नवीं यूपी गर्ल्स बटालियन की ओर से 14 से 24 अक्तूबर तक नोयडा के गौतम बुद्ध बालक इंटर कालेज में हुए आईजीसी और प्री आरडीसी वन शिविर में बरेली ग्रुप ने सांस्कृतिक प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। इसके आधार पर हिंदू कालेज की छह, दयानंद आर्य कन्या महाविद्यालय की दो, केजीके कालेज की एक और धामपुर के एक कालेज से भी एक कैडेट का चयन हुआ। ज्यादातर छात्राओं का नृत्य, संगीत, एनआईएपी (नेशनल इंटीग्रेशन अवेयरनेस प्रजेंटेशन), बैलिड में हुआ है, जबकि फ्लैग एरिया में स्पीकर और आर्टिस्ट के तौर पर एक-एक कैडेट ने बाजी मारी है। वहीं एक कैडेट ड्रिल प्रतियोगिता में है। चयनित कैडेट को 14 से 24 नवंबर तक नोयडा के गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में होने वाले प्रीआरडीसी टू में प्रतिभाग करना है। एनसीसी अधिकारी कर्नल अनिल ढिल्लन ने बताया कि दिसंबर में अंतिम आरडीसी (रिपब्लिक डे कैंप) होगा। उसमें कम से कम छह कैडेट के चयन की उम्मीद है। यूपी की टीम को उत्तम प्रदेश की ओर अग्रसर विषय पर प्रदर्शन करना होगा। उसमें आर्मी, एयरफोर्स और नेवी तीनों के कैडेट होंगे। लेकिन बरेली ग्रुप में सिर्फ आर्मी के कैडेट रहेंगे। उन्हें आर्मी के हिसाब से प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि राजपथ पर पीएम रैली के लिए कैडेट जा सकेंगे।