चंदौसी। त्योहारों पर भारी भीड़ को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने रविवार से शहर में बड़े वाहनों और ई-रिक्शों के लिए नो-इट्री लागू कर दी है। शहर में प्रमुख बाजारों के चारो ओर मुख्य मार्गों पर सात बिंदुओं पर पुलिस की ड्यूटी लगाकर बड़े वाहनों, ई-रिक्शा आदि की इंट्री बाजार की ओर बंद कर दी गई है, जिससे रविवार को काफी हद तक खरीदारों और व्यापारियों को सहूलियत मिली है।
सोमवार को धनतेरस का त्योहार मनाया जाएगा। बाजार ई-रिक्शों की बेतरतीब आवाजाही के कारण लगने वाले जाम से त्रस्त रहता था। दिवाली की खरीदारी तो कई दिनों से चल रही थी, ई-रिक्शों व बडे़ वाहनों के बेरोकटोक प्रवेश से बाजार जाम के चपेट में था। आलम यह था कि जो ग्राहक जिन बाजारों में जाना चाहते थे, वहां नहीं पहुंच पा रहे थे, किनारे से ही खरीदारी करके चले जाते थे, जिससे बड़े दुकानदारों को भारी नुकसान हो रहा था। ग्राहकों को भी उनकी मनपसंद वस्तुएं नहीं मिल पा रही थी। कोतवाली प्रभारी रविंद्र प्रताप सिंह ने रविवार से शहर में नो-इंट्री प्लान को लागू कर दिया है। सात स्थानों से सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक बाजार की ओर ई-रिक्शों व बड़े वाहनों का प्रवेश बंद कर दिया गया है। इसमें फव्वारा चौक से मुरादाबाद गेट की ओर, प्रथमा बैंक के सामने चूने वाली गली, खुर्जा गेट की पुलिया, कैथल गेट की पुलिया, गणेश मंदिर तिराहा, पप्पू सेठ की धर्मशाला वाली पुलिया और पुरानी पैंठ से शहरी बाजार की ओर ई-रिक्शों व बड़े वाहनों की इंट्री दिवाली तक बंद रहेगी। इन प्वाइंट पर पुलिस की ड्यूटी लगा दी गई है। बीएसएनएल टावर से घटिया गेट की ओर व सुभाष रोड से लेकर फव्वारा चौक तक पिकेट भी रहेगी।
कोतवाली प्रभारी रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि इन सात बिंदुओं के बीच का क्षेत्र ई-रिक्शा व बड़े वाहनों के लिए नो-इंट्री जोन घोषित किया गया है, इस क्षेत्र में दिन के समय जो भी बड़ा वाहन या ई-रिक्शा मिलेगा, उसे बिना कोई पूछताछ के सीज कर दिया जाएगा। बिना किसी दबाव के निष्पक्ष कार्रवाई होगी।