मुरादाबाद। भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले गन्ना किसानों ने शुक्रवार को कमिश्नर आफिस पर जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों ने गन्ना सर्वे के नाम पर शोषण करने और चीनी मिलों से भुगतान न कराने पर नाराजगी जताई।
भाकियू के प्रदेश महासचिव डा. नौ सिंह ने बताया कि किसानों के गन्ने का बकाया मिलों से नहीं दिलाया जा रहा है। चीनी मिलों की मनमानी के आगे अधिकारी बौने साबित हो रहे हैं। गन्ना आयुक्त के आदेशों के बाद भी किसानों से सर्वे के नाम पर फर्द मांगी जा रही है। स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को लागू नहीं किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति चरमरा गई है। संगठन के जिला मंत्री नवनीत विस्नोई ने बताया कि मांगों के पूरा न होने पर नौ जुलाई को मुख्यालय पर भाकियू धरना प्रदर्शन करेगी। इसके साथ ही 23 जुलाई से देशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा। प्रदर्शन का नेतृत्व वरिष्ठ मंडल उपाध्यक्ष ऋषिपाल सिंह ने किया।