मुरादाबाद। कई महीने से अपने घर का सपना संजोए लोगों का इंतजार अब खत्म हो गया है। इनको 15 दिन में हर हाल में आवास निर्माण को पहली किस्त के 50 हजार रुपये मिल जाएंगे। नगर विकास मंत्री ने योजना में बेवजह देरी करने पर डूडा अफसरों से नाराजगी जताई।
सूबे के डूडा व सूडा अधिकारियों की बैठक शुक्रवार दोपहर नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने लखनऊ में ली। उन्होंने डूडा व सूडा के पीओ से इस बात को लेकर नाराजगी जताई कि प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्रों को कई महीने बाद भी पहली किस्त तक नहीं मिल रही है। इससे आवास निर्माण में देरी हो रही है। हर हाल में आवास निर्माण का लक्ष्य पूरा किया जाना है। इसमें मनमानी बर्दास्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि हर हाल में 15 दिन में प्रतीक्षारत पात्रों को आवास निर्माण की पहली किस्त के 50 हजार रुपये मिल जाएं। इसमें लापरवाही करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नगर विकास मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रतीक्षारत पात्रों को 15 दिन में पहली किस्त जारी करने के आदेश दिए हैं। जिले में 500 पात्र प्रतीक्षा सूची में हैं। इनको तत्काल किस्त जारी करने का काम शुरू हो गया है।
- दीपक कुमार, पीओ डूडा।