ग्रेटर नोएडा में इंडिया होम एक्सपो के सातवें संस्करण का सोमवार को केंद्रीय कपड़ा और सूचना प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी ने उद्घाटन किया। होम एक्सपो मेले में हाउस वेयर, डेकोरेटिव, फर्निशिंग, फ्लोरिंग, टेक्सटाइल्स और फर्नीचर व एक्सेसरीज की थ्री इन वन प्रदर्शनी लगाई गई है। बड़ी संख्या में विदेशी खरीददार इस मेले में हिस्सा ले रहे हैं।
फेयर का उद्घाटन करने के बाद केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि हस्तशिल्प क्षेत्र के प्रचार, विकास और दुनियाभर में व्यवसाय बढ़ाने में ईपीसीएच के प्रयास सराहनीय हैं। डिजाइनों की नकल रोकने के लिए ईपीसीएच द्वारा डिजाइन रजिस्टर करने की प्रक्रिया की भी मंत्री ने प्रशंसा की। फेयर में पहले दिन करीब 350 विदेशी बायर्स पहुंचे। यहां 170 वाइंग एजेंसियों ने भी आमद दर्ज कराई है। मुरादाबाद समेत देश के विभिन्न हिस्सों से 650 से अधिक निर्यातकों ने अपने स्टॉल्स लगाए हैं। मुरादाबाद के निर्यातकों ने पीतल उत्पादों के आकर्षक स्टॉल्स मेले में सजाए हैं। उद्घाटन कार्यक्रम में ईपीसीएच के अध्यक्ष ओपी प्रहलादका, कार्यकारी निदेशक राकेश कुमार, उपाध्यक्ष रवि के पासी, सुनील सेठी आदि उपस्थित थे।