मुरादाबाद। लॉकडाउन के कारण अपने जिले में लौटने वाले 10 हजार प्रवासी श्रमिकों सहित करीब साठ हजार श्रमिकों को रोजगार दिया गया। प्रवासी श्रमिकों और जॉबकार्ड धारक मजदूरों को अपने ही जिले में काम उपलब्ध कराने के लिए सरकारी अभियान के तहत सोमवार को जिले की सभी ग्राम 584 ग्राम पंचायतों में से 556 ग्राम पंचायतों में मनरेगा के तहत कार्य कराए गए। जिसमें करीब दस हजार प्रवासी श्रमिकों समेत 60140 श्रमिकों ने काम किया। कहीं झील को सुंदर बनाने का काम हुआ तो कहीं ऊबड़-खाबड़ भूमि समतल करने का काम किया गया।
प्रवासी पक्षियों की आमद वाली छजलैट ब्लाक की ग्राम पंचायत मोड़ा तइया में मनरेगा के तहत वहां स्थित 160 बीघे की झील को सुंदर बनाने के साथ उसके चारों ओर बंधा बनाने का काम शुरू किया गया। सोमवार को यहां 205 श्रमिकों ने काम किया। मुख्य विकास अधिकारी मृदुल चौधरी ने मौके पर पहुंच कर चल रहे कार्य का निरीक्षण किया। इस मैौके पर उन्होंने श्रमिकों से सोशल डिस्टेंसिंग के साथ काम करने के निर्देश दिए। इस मौके पर ग्राम प्रधान और सेक्रेटरी भी मौजूद रहे।
इसके अलावा बान नदी व दांडी नदी के जीर्णोद्धार का काम भी मनरेगा मजदूर और प्रवासी श्रमिकों के माध्यम से शुरू कराया गया। यहां श्रमिकों के माध्यम से नदी को चौड़ा कर उसकी पानी क्षमता को बढ़ाने और तटबंध को मजबूत करने का काम किया गया। इसी तरह बिलारी समेत कई अन्य ब्लाकों में भूमि समतलीकरण का कार्य भी मनरेगा मजदूरों और प्रवासी श्रमिकों के माध्यम से कराया गया। इस तरह सोमवार को पूरे जिले में 60140 श्रमिकों को काम मिला।
सोमवार को किस ब्लाक में कितने श्रमिकों को मिला काम
ब्लाक कुल ग्राम पंचायत कार्य वाली ग्रापं श्रमिक
बनियाखेड़ा 38 37 4432
भगतपुर टांडा 63 62 7731
बिलारी 53 52 4709
छजलैट 77 72 6905
डिलारी 75 74 7263
दींगरपुर 94 83 10046
मुरादाबाद 46 40 4054
मूंढ़ापांडे 68 68 7618
ठाकुरद्वारा 70 68 7382
टोटल: 584 556 60140