बिलारी। स्थानीय तहसील सभागार में शनिवार सुबह समाधान दिवस का आयोजन हुआ। दिवस में कुल 55 शिकायतें आईं, जिनमें से पांच का मौके पर निस्तारण किया गया। सीडीओ, एसडीएम और सीओ ने लोगों की समस्याएं सुनीं।
समाधान दिवस में सर्वाधिक 36 शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित थीं। मौके पर दो शिकायतों का निस्तारण किया गया अन्य विभागों की तीन अलग अलग शिकायतों का भी मौके पर निस्तारण हो गया। दिवस में राजस्व विभाग की शिकायतों में अधिकतर ग्राम समाज के चकरोड और नाली पर अवैध कब्जे होने से संबंधित थीं। दिवस में पुलिस विभाग की आठ, विद्युत विभाग की तीन, विकास विभाग की दो, आपूर्ति विभाग की तीन और अन्य विभागों की तीन शिकायतें प्राप्त हुईं।
सीडीओ मृणाली अविनाश जोशी ने दिवस के अंत में अधिकारियों के साथ बैठक में कहा कि दिवस में आने वाली शिकायतों के निस्तारण में निष्पक्षता के साथ गंभीरता दिखाएं। एसडीएम विनय कुमार सिंह ने कहा कि राजस्व विभाग की चकरोड पर कब्जे जैसी शिकायतें बार बार नहीं आनी चाहिए। सीओ अशोक कुमार सिंह ने कहा कि तहसील और थाना दिवस में पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों के पुलिस कर्मी तत्काल मौके पर जाकर जांच कर समाधान करें।