शहर के तीन केंद्रों पर मंगलवार को ओ लेवल कंप्यूटर की परीक्षा हुई। सीसीटीवी की निगरानी के अलावा केंद्र व्यवस्थापकों की सख्ती रही। तीनों केंद्रों पर 87 विद्यार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। अधिकारियों ने बताया कि इस बार परीक्षा प्रक्रिया में बदलाव किए गए थे।
मुरादाबाद, बिजनौर, अमरोहा, रामपुर में चल रहे कंप्यूटर केंद्रों की ओ लेवल की परीक्षा शहर के तीन केंद्रों पर हुई। राजकीय पालीटेक्निक में पंजीकृत 226 विद्यार्थियों में से 33 अनुपस्थित रहे। राजकीय महिला पॉलीटेक्निक में 160 विद्यार्थियों में से 148 परीक्षा देने पहुंचे। हिंदू मॉडल इंटर कालेज में 199 विद्यार्थियों में से 157 परीक्षा देने आए और 42 अनुपस्थित रहे। राजकीय पालीटेक्निक के परीक्षा प्रभारी अंकित कुमार ने बताया कि पहले प्रश्नपत्र परीक्षा से सात दिन पहले आते थे। सुरक्षा की दृष्टि से यह चुनौतीपूर्ण था। इस बार प्रश्नपत्र एक दिन पहले ही आए थे। गत वर्ष राजकीय पालीटेक्निक और राजकीय महिला पालीटेक्निक को ही केंद्र बनाया गया था। इस वर्ष विद्यार्थियों की सहूलियत को देखते हुए चंदौसी और हिंदू मॉडल इंटर कालेज को अतिरिक्त केंद्र बनाया है। परीक्षा की सुचिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर नीलिट संस्था की ओर से पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए थे।
पेपर सही हुआ है। वेब का प्रश्नपत्र कठिन था। यदि पहला पेपर उत्तीर्ण हो गया तो परीक्षा पास कर लेंगे।
कावेंद्र सिंह, हकीमपुर।
पेपर आसान आया था। दो-तीन प्रश्न मुझसे हल नहीं हो पाए हैं।
आशीष गोयल, लाइनपार।
इंटरनेट का पेपर बहुत मुश्किल था। उसमें ज्यादा गहनता से प्रश्न पूछे गए थे। हार्डवेयर से संबंधित सवाल हल कर दिए हैं।
लवकुश, बिजनौर।