बिलारी। नए बीडीओ ने समीक्षा बैठक में पंचायत सचिवों को मनरेगा, पौधरोपण और अन्य विकास योजनाओं की शीघ्र लक्ष्यपूर्ति के निर्देश दिए।
प्रदेश शासन ने बिलारी की बीडीओ रहीं सुधा आर्या का मेरठ जनपद को तबादला किए जाने के बाद बिलारी में बीडीओ के रिक्त पद का अतिरिक्त कार्यभार जिलाधिकारी ने जिला विकास अधिकारी के के सिंह को सौंपा है। डीडीओ ने बिलारी ब्लॉक के नए बीडीओ के रूप में शनिवार को कार्यालय स्टाफ और पंचायत सचिवों के साथ समीक्षा बैठक की। बीडीओ ने कहा कि प्रदेश शासन की लाभार्थी परख योजनाओं का नियमानुसार निर्धारित समय में सर्वे होना चाहिए। निराश्रित महिलाओं और विकलांगों को पेंशन योजना का लाभ अन्य पात्र ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना आदि का लाभ मिलना चाहिए।
बीडीओ ने कहा कि खाद्य सुरक्षा योजना के तहत जो पात्र नए राशन कार्ड पाने से वंचित रह गए हैं उनका सर्वेक्षण कर राशन कार्ड बनवाए जाएं। एडीओ और अवर अभियंता सेक्टर अधिकारी के रूप में अपने निर्देशन में गांव-गांव पंचायत सचिवों के जरिए बैठकें कराएं। प्रत्येक गांव में मनरेगा योजना के कार्याें में तेजी लाई जाए और विकास की अन्य योजनाओं का भी लक्ष्य पूरा किया जाए।