कांठ। चल रहे सावन के पवित्र माह में भी नगर में हाईवे किनारे खुली मीट की दुकानों को बंद कराए जाने की मांग भाजपाइयों ने की हैं। उन्होंने कांवड़ यात्रा के मद्देनजर मीट की दुकानों के खुलने पर प्रतिबंध को कहा है।
बता दें कि इस समय सावन का पवित्र माह चल रहा है। कांठ नगर व क्षेत्र में हर ओर शिवभक्त कांवड़िए ही दिखाई दे रहे हैं। लेकिन जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद जे रविंद्र गौड़ के निर्देशों के बाद कांठ नगर में मीट की दुकानें प्रतिदिन खुल रहीं है। जिसके कारण हाईवे से गुजरने वाले कांवड़ियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को इसे ले 25 कांठ विधानसभा क्षेत्र के सांसद प्रतिनिधि सुरेंद्र सिंह, भाजपा नेता सुरेश चौहान, सक्रिय भाजपाई व सभासद पंडित मुकेश कुमार शर्मा, भूपेंद्र सिंह चैहाल, राजपाल सिंह आदि भाजपाइयों नेे प्रतिक्रिया व्यक्त की और रोष जताया। इसी के साथ सावन माह को देखते हुए मीट की दुकानों को बंद कराए जाने की मांग की। भाजपाइयों का कहना है कि यदि दुकानों को बंद नहीं कराया गया तो वह इस संबंध में आईजी मुरादाबाद विनोद कुमार सिंह से मिलेंगे।