रात भर हुई बारिश से रविवार को भी महानगर में जल भराव के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त रहा। जिसकी वजह से लोग घरों में कैद होने को मजबूर रहे। कटघर और पीतल बस्ती क्षेत्र के घरों में पानी घुंस गया। भातू कालोनी में सीवर केऊपर की पक्की सड़क के धंसने से वाहन फंस गए। बारिश में अव्यवस्थाओं के चलते महानगर में लोग परेशान हो गए हैं।
सड़क और कालोनियां बारिश के पानी से लबालब
बारिश का पानी शहर की ज्यादातर सड़क और कालोनियों में भर गया। सबसे ज्यादा परेशानी सूर्य नगर, चंद्रनगर, पीतल बस्ती, रामगंगा विहार और गलशहीद क्षेत्रों में हुई। इन कालोनियों में रात तक भी जलभराव रहा। नाले अटे होने से जल निकासी नहीं हुई। बुद्धि विहार, अंबेडकर कालोनी, मंडी क्षेत्र, लाइनपार और चक्कर की मिलक क्षेत्र में पानी निकलने को लेबर लगानी पड़ी। सबसे ज्यादा परेशानी एकता कालोनी, पीतल बस्ती और डबल फाटक केपास हड्डी मिल केपास की कालोनी में हुई।
पुलिस लाइन, बंगला गांव, कचहरी रोड, गुरहट्टी रोड उखड़ गईं। सिविल लाइन में रविवार को चार जगह फिर से सड़क बैठ गई। कांठ रोड पर गहरे गड्ढ़े बन गए। मकबरा रोड पर गहरे गड्ढ़े बनने से वाहनों को निकलने में परेशानी हुई। हैलट रोड पर पशु अस्पताल के पास सड़क पर कीचड़ फैलने से लोगों को निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
लगाए गए बोर्ड
लोगों के लगातार हादसों का शिकार होने और वाहन चालकों के फिसलकर गिरने के कारण निर्माण एजेंसी एलएंडटी ने शहर भर में चेतावनी बोर्ड लगा दिए हैं। जिन पर लिखा है कि सीवर के ऊपर की कच्ची मिट्टी से होकर भी न निकलें।
.
शहर में कहीं पर जलभराव होने या पानी से परेशानी होने की सूचना नहीं है। बारिश होने पर पानी भरता ही है, उसकेबाद में पानी निकल गया। नालों की सफाई का ही प्रभाव है कि पानी ज्यादा नहीं भरने पाया।
- आशीष शुक्ला, उप नगर आयुक्त।