पीलीकोठी चौराहा के पास एक निजी स्कूल की वैन में गुरुवार को शार्ट सर्किट से आग लग गई। आसपास के लोगों की मदद से बच्चों को वैन से सुरक्षित बाहर निकाला गया। हालांकि, वैन चालक ने अग्निशमन यंत्र के जरिए आग पर काबू पा लिया।
गांधी नगर पब्लिक स्कूल की वैन स्कूल की छुट्टी के बाद बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी। जिसमें 12 बच्चे सवार थे। पीलीकोठी चौराहा के पास दोपहर पौने दो बजे वैन के इंजन में शार्ट सर्किट से आग लग गई। वैन में धुआं निकलता देख बच्चे घबड़ा गए और खलबली मच गई। बच्चों के रोने - चिल्लाने पर चालक ने चौराहा पार कर वैन सड़क किनारे खड़ी कर दी। इस बीच बच्चे वैन से उतरने लगे। वैन से धुआं उठता देख आसपास के लोग भी दौड़ पड़े और बच्चों को वैन से सुरक्षित निकालने में जुट गए। आसपास के कुछ लोग पानी लेकर भी दौड़े आए, हालांकि, वैन चालक ने अग्निशमन यंत्र से आग बुझा ली।
अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है। अभिभावकों ने कहा है कि 1200 रुपये महीने स्कूल वैन का किराया वसूलता जाता है लेकिन प्रबंधन को बच्चों की सुरक्षा की कोई फिक्र नहीं है।
वैन में शार्ट सर्किट से लगी आग को चालक ने सूझबूझ से बुझा दिया । तकनीकी फाल्ट से शार्ट सर्किट हुआ है, जबकि वैन बच्चों के लिहाज से पूरी तरह सुरक्षित है। । - शशी शर्मा, प्रधानाचार्य, गांधी नगर पब्लिक स्कूल