मुरादाबाद। कोहरा और ब्लॉक। दो वजह ऐसी कि ट्रेनों का संचालन लड़खड़ाने के लिए काफी था। सुबह तड़के कोहरा पड़ने के बाद सुबह की ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ा। वहीं दोपहर में मुरादाबाद से बरेली रेलखंड पर इंजीनियरिंग विभाग ने पटरियों पर छुटपुट मरम्मत के काम कराए। इनका असर भी ट्रेनों के संचालन पर ही पड़ा।
पीतांबरपुर स्टेशन के पास दोपहर 12.40 बजे से दोपहर 2.40 बजे के बीच ब्लॉक लिया गया। हालांकि मरम्मत के काम दोपहर तीन बजे तक करवाए गए। इसकी वजह से तीन मालगाड़ियां ट्रैक पर ही 30-30 मिनट के लिए खड़ी रही। इसके अतिरिक्त धनेटा, मुरादाबाद स्टेशन के पास, परसाखेड़ा स्टेशन के पास भी मरम्मत के काम कराए गए। इसकी वजह से 12369 कुंभ एक्सप्रेस डेढ़ घंटे, लखनऊ सहारनपुर एक्सप्रेस 54251 पांच घंटे, मालदा टाउन दिल्ली पैसेंजर 14003 साढ़े तीन घंटे, मुरादाबाद दिल्ली पैसेंजर 54056 दो घंटा, दिल्ली जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस 12524 आधे घंटे, जालंधर दरभंगा अंत्योदय एक्सप्रेस 22552 साढे़ सात घंटा, दरभंगा अमृतसर जननायक एक्सप्रेस 15211 तीन घंटा, दिल्ली जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस एक घंटा, ऋषिकेश चंदौसी पैसेंजर एक घंटा आदि ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ा।