पाकबड़ा। नगर निवासी एक झोलाछाप ने अस्पताल पर लगी सील खुलवाने के लिए भाजपा नेता और उसके साथियों पर पांच लाख रुपये वसूलने का आरोप लगाया है। तीन माह पहले स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल पर सील लगाई थी।
सील न खुलने पर पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी तो सोमवार की शाम पंचायत हुई। आरोप है कि भरी पंचायत में भाजपा नेता ने झोलाछाप और उसकी पत्नी की पिटाई की। हंगामे के बाद झोलाछाप की पत्नी ने पुलिस से शिकायत की है। तहरीर में छेड़खानी करने और कपड़े फाड़ने के भी आरोप लगाए हैं।
नगर के एक मोहल्ला निवासी झोलाछाप के अस्पताल में करीब तीन माह पहले एक महिला की मौत हो गई थी। महिला की मौत से नाराज परिजनों ने झोलाछाप के अस्पताल पर पथराव कर दिया था। इस मामले में रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी और स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल को सील कर दिया था। झोलाछाप की पत्नी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया की वह अपने पति के साथ सीएमओ कार्यालय में बातचीत करने गई थीं।
महिला का आरोप है कि सीएमओ कार्यालय में उन्हें पाकबड़ा निवासी एक भाजपा नेता मिल गया। उसने सील खुलवाने और दर्ज रिपोर्ट को समाप्त कराने के नाम पर पांच लाख रुपये ले लिए थे। काफी दिन बीत जाने के बाद भी अस्पताल की सील नहीं खुली तो सोमवार की शाम पंचायत बुलाई थी। पंचायत में भाजपा नेता अपने साथियों के साथ पहुंच गया।