मुठभेड़ में दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
सिविल लाइंस में मुठभेड़ में गिरफ्तार छह साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी आसिम को पुलिस ने शनिवार की दोपहर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। सिविल लाइंस के अगवानपुर निवासी आसिम (33) ने बुधवार की शाम करीब सात बजे छह साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म किया था।
लोगों ने आरोपी को बाजार में पकड़कर पिटाई की थी, लेकिन आरोपी के परिजन उसे छुड़ाकर ले गए थे। पीड़ित बच्ची के परिवार को भी धमकी दी थी। शुक्रवार की रात करीब नौ बजे पुलिस ने क्षेत्र के भटावली में निर्माणाधीन पुल के पास आरोपी आसिम को रोकने की कोशिश की तो, उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी थी।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी आसिम के पैर में गोली लगी थी। वहीं उसे गिरफ्तार कर लिया गया था। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि आरोपी आसिम का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया। शनिवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से आरोपी को जेल भेज दिया गया है।