माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाएं भले ही सात फरवरी से शुरू हो गई हैं, लेकिन शिक्षा विभाग की असली ‘परीक्षा’ 12 फरवरी से शुरू होगी। मंगलवार से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की हिंदी प्रारंभिक परीक्षा की शुरुआत के साथ सेंटरों पर परीक्षार्थियों की संख्या बढ़ेगी। कई सेंटरों पर अभी तक परीक्षा ड्यूटी कर्मचारियों ने आमद दर्ज नहीं कराई है। शिक्षा विभाग ने ऐसे शिक्षकों को नोटिस जारी कर आनन-फानन में बेसिक शिक्षा विभाग से शिक्षकों की मांग की है। बेसिक शिक्षा के 50 शिक्षकों की मुरादाबाद शहर के सेंटरों पर बोर्ड परीक्षा की ड्यूटी लगा दी गई है।
यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए मुरादाबाद में 125 सेंटर बने हैं। परीक्षाओं में 83730 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इनमें 44746 हाईस्कूल और 38984 इंटरमीडिएट के अभ्यर्थी हैं। जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग ने नकल विहीन एवं पारदर्शी परीक्षाएं कराने के लिए 4125 कक्ष निरीक्षकों, 125 केंद्र व्यवस्थापकों, 115 अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापकों की ड्यूटी लगाई है। 125 स्टेटिक मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगी है। परीक्षाएं सात फरवरी से शुरू हो चुकी हैं। इसके बाद भी कई कक्ष निरीक्षकों और अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापकों ने सेंटरों पर उपस्थिति दर्ज नहीं कराई है। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की ओर से ऐसे शिक्षकों से लगातार फोन पर संपर्क किया जा रहा है। इसके बाद भी परीक्षा केंद्रों पर उपस्थिति दर्ज नहीं कराने वाले शिक्षकों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया के साथ बेसिक शिक्षा विभाग से शिक्षकों की मांग की गई है। बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के मुताबिक मुरादाबाद शहर के लिए बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में तैनात 50 शिक्षकों की बोर्ड परीक्षा ड्यूटी लगा दी गई है। शिक्षकों की जरूरत पड़ने पर ड्यूटी लगाई जाएगी।
बोर्ड परीक्षा के मद्देनजर छुट्टियों पर रोक
जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार द्विवेदी ने माध्यमिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में तैनात शिक्षकों की छुट्टियों पर रोक लगा दी है। प्रदीप कुमार द्विवेदी ने बताया कि परीक्षाओं के मद्देनजर आदेश जा किया गया है।
मेडिकल बोर्ड से स्वीकृत होगी छुट्टी
बोर्ड परीक्षा ड्यूटी में लगे कई शिक्षकों ने खुद को बीमार बताते हुए ड्यूटी हटाने के लिए आवेदन किया है। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में ऐसे आवेदनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। मेडिकल बोर्ड से ऐसे आवेदकों की जांच की जाएगी। बोर्ड के बीमारी का प्रमाणपत्र देने पर ही ड्यूटी हटाई जाएगी।