संतोष ट्राफी के लिए प्रदेश की टीम की घोषणा की गई है। 20 सदस्यीय टीम में मुरादाबाद के फैजी अब्बास को जगह मिली है। उसे तीसरी बार टीम में शामिल किया गया है। साथ ही पहली बार उपकप्तान भी बनाया गया है।
टीम जम्मू के कटड़ा में 11 से 16 फरवरी तक होने वाले सीनियर नेशनल फुटबाल चैंपियनशिप संतोष ट्राफी (नार्थ जोन) में प्रतिभाग करेगी। सिरसी निवासी फैजी अब्बास के पिता किसान थे। 12 वर्ष पहले सीनियर से प्रेरित होकर खेलना शुरू किया। आर्थिक परेशानियां बहुत आईं, लेकिन पहले ही वर्ष में कड़ी मेहनत के बदौलत लखनऊ के स्पोर्ट्स कालेज में प्रवेश हो गया। वहां से उत्तीर्ण होने के बाद पंजाब विश्वविद्यालय में प्रवेश लिया और आल इंडिया यूनिवर्सिटी खेलने गए। वर्ष 2015 में घर लौट आए। इसी दौरान चयन होने पर संतोष ट्राफी खेले। 2016 में संतोष ट्राफी के शिविर में चोट लगने की वजह से प्रतिभाग नहीं कर पाए। गत वर्ष जनवरी में एक बार फिर संतोष ट्राफी खेले और पूल में चंडीगढ़ से एक अंक से पिछड़ने की वजह से बाहर हो गए। इसके बाद उन्होंने मुंबई क्लब की ओर से भी खेला है। उनका कहना है कि अपनी टीम के लिए जीत हासिल करना ही उनका पहला लक्ष्य है। जिला समन्वयक नासिर कमाल ने कहा कि फैजी की सफलता से मुरादाबाद में फुटबाल में प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और मंडल स्तर की टीम के स्तर में सुधार आएगा। माधुरी देवी, उस्मान खान व मनोज शर्मा ने शुभकामनाएं दी हैं।