मुरादाबाद। कड़ाके की ठंड ने स्कूली बच्चों की मुसीबतें बढ़ा दी हैं। निजी स्कूलों की छह जनवरी तक छुट्टियां हैं। सरकारी स्कूलों के बच्चे ठिठुरते हुए स्कूल पहुंच रहे हैं। स्कूलों में बच्चों के बैठने के लिए कुर्सियां और बेंच नहीं हैं। बच्चे सीमेंट के फर्श पर प्लास्टिक की चटाई पर बैठने को मजबूर हैं। ठंड लगने से बच्चे बीमार पड़ने लगे हैं। जिससे स्कूलों में बच्चों की हाजिरी 50 फीसदी से कम हो गई है। शिक्षक संघ और अभिभावकों की गुहार के बाद भी प्रशासन ने स्कूलों की छुट्टी करने के बजाए सात जनवरी से स्कूल समय में एक घंटे की कटौती कर दी है।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ और अभिभावक संघों ने ठंड के मद्देनजर स्कूलों में अवकाश की गुहार लगाई है। संघों ने बरेली समेत प्रदेश के अन्य जिलों में स्कूलों की छुट्टियों का हवाला तक दिया है। जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार द्विवेदी ने कहा कि सात जनवरी को निजी स्कूल भी खुल जाएंगे। जिलाधिकारी ने स्कूलों और मदरसों के खुलने का समय सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे कर दिया है। 28 दिसंबर को ही स्कूलों का टाइम सुबह 10 बजे से अपराह्न चार बजे तक किया गया था।
- राजकीय, परिषदीय, अशासकीय, वित्तविहीन, केंद्रीय विद्यालय, सीबीएसई, आईसीएसई, मदरसा, संस्कृत विद्यालय सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक संचालित होंगे। जिलाधिकारी ने इसके आदेश जारी कर दिए हैं।
- प्रदीप कुमार द्विवेदी, जिला विद्यालय निरीक्षक।