जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा छठी में प्रवेश के लिए बच्चों में मारामारी हो गई है। प्रवेश परीक्षा की आवेदन तिथि 15 दिसंबर है। पांच दिसंबर तक 3500 आवेदन हो चुके हैं। आखिरी तिथि तक आवेदन संख्या बढ़कर पांच हजार से अधिक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
मुरादाबाद जिले में जवाहर नवोदय विद्यालय ठाकुरद्वारा में है। कक्षा छह से लेकर 12वीं तक संचालित विद्यालय में 459 बच्चे शिक्षा ले रहे हैं। प्रधानाचार्य आरके राय के मुताबिक इस साल कक्षा छह के लिए 80 सीटों का कोटा है। इनमें 60 फीसदी कोटा ग्रामीण और 40 फीसदी शहरी क्षेत्र के बच्चों से भरी जानी है। इनमें भी 33 फीसदी लड़कियों के लिए आरक्षण है। प्रधानाचार्य के मुताबिक नवोदय विद्यालय के प्रति बच्चों में काफी उत्साह है। प्रवेश परीक्षा के आवेदन आनलाइन किए जा रहे हैं। इसमें वहीं बच्चे आवेदन कर सकते हैं जो कक्षा 5वीं में जिले के ही स्कूल से शिक्षा ले रहे हैं। आवेदन के लिए निवास प्रमाण पत्र, जन्मप्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र की अनिवार्यता है। उम्र नौ साल से 13 साल के बीच होनी जरूरी है। प्रधानाचार्य ने बताया कि पिछले साल 2300 आवेदन हुए थे। इस साल पांच दिसंबर तक 3500 आवेदन हो चुके हैं। इनकी स्क्रूटनी कर 2352 आवेदन सही मिले हैं।