प्राविधिक शिक्षा की सेमेस्टर परीक्षा आठ दिसंबर से शुरू हो रही हैं। इसके लिए प्रवेश पत्र डाउनलोड होने शुरू हो गए हैं। नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए बोर्ड और केंद्र स्तर पर सचल दल का गठन किया गया है। प्रधानाचार्य ने बताया कि परीक्षा के दौरान सीसीटीवी से निगरानी की जाएगी।
पहले, तीसरे और पांचवें सेमेस्टर की परीक्षा दो पालियों में कराई जाएंगी। मुरादाबाद में तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। राजकीय पालीटेक्निक, राजकीय महिला पॉलीटेक्निक सहित एक निजी कालेज को केंद्र बनाया है। सहायक केंद्र अधीक्षक अंकित कुमार ने बताया कि परीक्षा 18 से 24 दिसंबर तक समाप्त होंगी। इसके बाद प्रयोगात्मक परीक्षा शुरू हो जाएंगी। उन्होंने बताया कि स्पेशल बैक वाले विद्यार्थियों को इस बार सहूलियत दी गई है। उनके लिए प्रदेश में सात परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। वह परीक्षा देने के लिए अपने घर के नजदीक के किसी भी केंद्र को चुनकर वहां पर परीक्षा दे सकते हैं। प्रधानाचार्य राजकीय पालीटेक्निक तजम्मुल अफजाल ने बताया कि निदेशालय स्तर पर और परीक्षा केंद्र पर तीन सदस्यीय सचल दल गठित किया गया है। आंतरिक सचल दल के सदस्य प्रतिदिन बदले जाएंगे। इसके अलावा पुलिस बल भी मौजूद रहेगा। राजकीय पालीटेक्निक को मंडल का संकलन केंद्र बनाया गया है। वहां पर प्रतिदिन उत्तर पुस्तिकाओं को जमा किया जाएगा।