एसएस इंटर कालेज में हुई माध्यमिक स्कूलों की मंडल स्तरीय सीनियर और सब जूनियर हाकी प्रतियोगिता में मंगलवार को खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। बालक वर्ग में गोल करने के लिए उनके बीच जबरदस्त भिड़ंत देखने को मिली। आखिरकार फैसला पेनाल्टी स्ट्रोक के माध्यम से किया गया, जिसमें बाजी बिजनौर के हाथ लगी। वहीं, बालिका वर्ग में मुरादाबाद की टीम ने जीत हासिल की।
प्रतियोगिता में मुरादाबाद के अलावा बिजनौर और रामपुर की टीमों ने प्रतिभाग किया था। बालक वर्ग के संयोजक प्राचार्य डॉ. वीएस यादव और बालिका वर्ग की संयोजक मैथोडिस्ट गर्ल्स इंटर कालेज की प्राचार्य सुनीता डी सिंह ने खिलाड़ियों ने परिचय प्राप्त किया। बालिका वर्ग अंडर-19 में पहले सेमीफाइनल में बिजनौर ने रामपुर को 4-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। इसके बाद मुरादाबाद और बिजनौर के बीच हुए मैच में 4-1 से जीत हासिल कर मुरादाबाद का मैथोडिस्ट गर्ल्स इंटर कालेज की टीम विजेता बनी। बालक वर्ग सीनियर में पहले सेमीफाइनल में रामपुर ने मुरादाबाद को 3-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। इसके बाद रामपुर और बिजनौर के बीच हुए मुकाबले में रामपुर ने इकतरफा मैच खेलते हुए बिजनौर को 8-0 से परास्त कर दिया। सब जूनियर वर्ग का मुकाबला बिजनौर और मुरादाबाद के बीच हुआ, जिसमें दो बार पांच-पांच अंकों से टीम बराबर पर रहीं। इसके बाद पेनाल्टी स्ट्रोक से बिजनौर की टीम 2-1 से विजयी हो गई। मुरादाबाद को उप विजेता बनकर संतोष करना पड़ा। इस दौरान वीर सिंह, बंश बहादुर, पूनम रिचर्ड, मंसूर इकबाल, जीवन सिंह आदि मौजूद रहे।