तीन दिन पूर्व अनूपशहर-गवां मार्ग पर टी-प्वाइंट के समीप खाईं में मिले दो युवकों के शवों की शिनाख्त रविवार को हो गई। दोनों युवक सगे भाई थे और बिहार के सारण जिले के थाना अमनोर के ग्राम सुल्तान गंज के रहने वाले थे। दोनों कंटेनर चालक थे।
तीन दिन पहले शुक्रवार को अनूपशहर-गवां मार्ग स्थित टी-प्वाइंट के समीप खाई में दो युवकों के शव पडे़ मिले थे। मृतकों के गले में रस्सी का फंदा था और हाथ-पांव गमछे से बंधे होने के साथ ही मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था। मृतकों में से एक युवक की पैंट पर लगे दर्जी के टैग के आधार पर शिनाख्त के लिए पुलिस ने बिहार के सारण जिले की पुलिस से संपर्क किया। रविवार को फोटो के माध्यम से युवकों की पहचान हो गई। रविवार देर रात परिजनों ने बहजोई स्थित मोर्चरी में मृतकों की शिनाख्त योगेंद्र तिवारी (35) और नागेंद्र तिवारी (30) निवासी सुल्तानगंज थाना अमनोर जनपद सारण की रूप में की। पुलिस के अनुसार दोनों भाई कंटेनर चालक थे और नई दिल्ली की पीएनएस एक्सपोर्ट कंपनी में ट्रक चलाते थे। 27 मार्च को दोनों भाई ट्रक लेकर गुहाटी के लिए रवाना हुए। कंटेनर में रजनीगंधा लदा था।