कुछ दूरी पर ही खड़ी पीआरवी की टीम ने उसे बचाया
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद।
कटघर थानाक्षेत्र में रहने वाले एक युवक ने परिवार वालों द्वारा ताने मारे जाने पर रामगंगा पुल से छलांग लगा दी। इस दौरान कुछ दूरी पर खड़ी पीआरवी को जानकारी हुई तो रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हुआ। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद रात ढाई बजे उसे बाहर निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पीड़ित की हालत में सुधार है।
कटघर के गौड़ गांव में रहने वाले युवक ने बताया कि वह चार भाइयों सबसे छोटा है। बुधवार शाम परिवार के लोगों से खर्च के लिए रुपये मांगे तो विवाद हो गया। परिवार के लोगों ने उसे ताने मारे। इससे आहत होकर वह देर रात वह घर से भागकर रामगंगा पुल पर पहुंच गया। उसने रामगंगा पुल से नीचे कूदकर खुदकुशी करने की कोशिश की। एसएचओ कटघर जसपाल ने बताया कि इस दौरान वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने घटनास्थल से करीब पांच सौ मीटर दूर खड़ी पीआरवी को मामले की जानकारी दी। पीआरवी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने युवक को बचाने का प्रयास शुरू किया। करीब ढाई बजे रात को युवक को रामगंगा पुल से बाहर निकालकर जिला अस्पताल भिजवाया। अब उसकी हालत में सुधार है। इस मामले में कोई शिकायत नहीं दी गई है।