बिलारी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलारी में सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजपाल ने की।
नौ मार्च से 23 मार्च तक चलने वाले कुष्ठ रोगी खोजी अभियान की तैयारियों के प्रशिक्षण में बताया गया कि अभियान के तहत 366 टीमों का गठन किया गया है।
ये टीमें क्षेत्र में घर-घर जाकर संभावित कुष्ठ रोगियों की पहचान करेंगी। चिन्हित रोगियों का स्वास्थ्य विभाग की ओर से उपचार किया जाएगा। स्वास्थ्य कर्मियों को कुष्ठ रोग के प्रमुख लक्षणों के बारे में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि शरीर पर तांबिया या हल्के रंग का दाग पड़ना, उस स्थान पर सुन्नपन महसूस होना, पसीना न आना, दाग वाले हिस्से पर बाल या रोम का झड़ जाना अथवा शरीर पर गांठें बनना इसके संभावित लक्षण हो सकते हैं।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजपाल ने कहा कि अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में छिपे कुष्ठ रोगियों की पहचान कर उनका समय पर उपचार सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी टीमों से जिम्मेदारी के साथ अभियान को सफल बनाने की अपील की।