मुरादाबाद। 11 फरवरी को होने वाले टीकारकण में इस बार मंडल के फ्रंटलाइन वर्करों को भारतीय वैज्ञानिकों द्वारा ईजाद की गई कोवैक्सीन का टीका लगाया जाएगा। इसके लिए मंडल को कोवैक्सीन की 35000 डोज मिली हैं। सोमवार को टीम वैक्सीन की खेप लेकर लखनऊ से मुरादाबाद के लिए रवाना हो गई। अभी तक जिले को दो बार कोविशील्ड वैक्सीन मिली थी।
जिले में टीकाकरण के छह दिवसों में अब तक 13990 स्वास्थ्य कर्मियों और 740 फ्रंटलाइन वर्करों को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगाई जा चुकी है। इसके लिए दो बार में बरेली से वैक्सीन की 41610 डोज मंगाई गई थी। पहली खेप में 14 जनवरी को 22950 और दूसरी खेप में 23 जनवरी को 18660 डोज मिली थी। दोनों बार कोविशील्ड वैक्सीन थी। अगले दौर के टीकाकरण में वैक्सीन बदली हुई होगी। इस बार मंडल के फ्रंटलाइन वर्करों को कोवैक्सीन की डोज लगाई जाएगी। सोमवार को लखनऊ से कोवैक्सीन की 35000 डोज मिल गई। मुरादाबाद पहुंचने पर मंडल के दूसरे जिलों में वैक्सीन की डोज भेजी जाएगी।
- मंडल को कोवैक्सीन की 35000 डोज मिली है। किस जिले के हिस्से में कितनी डोज आई है, वैक्सीन के मुरादाबाद पहुंचने पर पता चलेगा। मुरादाबाद से मंडल के दूसरे जिलों को वैक्सीन भेजी जाएगी। - डा. दीपक वर्मा, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी