जिले के नोडल अफसर और सचिव व्यवसायिक एवं प्राविधिक शिक्षा भुवनेश कुमार ने शुक्रवार को ओडीओपी समिट की तैयारियां देखीं। आवास विकास फेस टू में समिट की तैयारियां देखने पहुंचे नोडल अफसर ने अधिकारियों को जरूरी दिशा - निर्देश दिए। नोडल अधिकारी ने पाकबड़ा थाने और आवास विकास दफ्तर समेत कई सरकारी कार्यालयों का भी निरीक्षण किया।
नोडल अधिकारी ने शुक्रवार को बौद्ध विहार स्थित अधिशासी अभियंता निर्माण खंड 25 के कार्यालय पहुंचकर कर्मचारियों की उपस्थिति चेक की। बौद्ध विहार में ज्यादातर मकान अवैध तरीके से बने होने पर उन्हाेंने अधिकारियों से कड़ी नाराजगी जाहिर की। इसके बाद उन्होंने पाकबड़ा थाने का निरीक्षण किया। अपराध रजिस्टर का निरीक्षण करने के साथ उन्होंने एसओ से लंबित विवेचनाओं के बारे में भी जानकारी हासिल की। उन्हाेंने थाने की बाउंड्री वाल ऊंची कराने के निर्देश भी दिए। ओडीओपी समिट की तैयारियां देखने पहुंचे नोडल अफसर ने उद्यमियों के लिएबने स्टॉल्स का अवलोकन किया और लाभार्थियों के बैठने की व्यवस्था भी देखी। ओडीओपी समिट में मुरादाबाद, अलीगढ़, एटा, कानपुर देहात, गाजियाबाद, मथुरा, शामली और संत कबीर नगर के प्रतिभागी धातु शिल्प से संबंधित उत्पादों को प्रदर्शित करेंगे। नोडल अफसर ने नया मुरादाबाद में हर्बल पार्क भी देखा।
इसके बाद नोडल अधिकारी ने गुलाबबाड़ी में एसटीपी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट योजना के बारे में पूरी जानकारी अधिकारियों से ली। इस दौरान डीएम राकेश कुमार सिंह, नगर आयुक्त अवनीश कुमार शर्मा, सीडीओ मृदुल चौधरी समेत तमाम अधिकारी उपस्थित थे।