बिलारी। भाकियू असली के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी हरपाल सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पाक आयातित चीनी खा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने गन्ने से शुगर होने जैसा बयान देकर करोड़ों गन्ना किसानों का अपमान किया है। भाकियू असली सरकार की किसान विरोधी नीति को सहन नहीं करेगी।
बृहस्पतिवार की दोपहर नगर में भाकियू असली के कैंप कार्यालय पर जिला कार्यकारिणी की बैठक के बाद पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा चुनाव से पहले बागपत में एक चुनावी जनसभा में कहा था कि यदि केंद्र में भाजपा की सरकार बनी तब किसानों को गन्ना मूल्य का भुगतान गन्ना एक्ट के मुताबिक हर हाल में 14 दिन के भीतर दिलाएंगे। यदि भुगतान में देरी हुई तब गन्ना किसानों को ब्याज समेत भुगतान मिलेगा लेकिन केंद्र में भाजपा की सत्ता आने और प्रधानमंत्री बन जाने के बाद नरेंद्र मोदी अपना चुनावी वायदा भूल गए।
उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि बागपत में जब किसानों ने मुख्यमंत्री से मिलकर बकाया गन्ना मूल्य भुगतान की मांग की तब मुख्यमंत्री ने किसानों से कहा कि वह गन्ना न बोएं क्योंकि गन्ने से शुगर हो रही है। मुख्यमंत्री का ऐसा बयान सीधे तौर पर गन्ना किसानों के विरोधी है और किसानों का अपमान है। राष्ट्रीय अध्यक्ष बोले कि प्रदेश के मुख्यमंत्री पाक आयातित चीनी खा रहे हैं उस चीनी में उन्हें शुगर नजर नहीं आ रही जबकि प्रदेश के किसानों द्वारा पैदा किए जाने वाले गन्ने से शुगर होना बता रहे हैं। भाकियू असली समय पर केंद्र और प्रदेश सरकार को इसका जवाब देगी।