अवध एक्सप्रेस और आला हजरत एक्सप्रेस के रविवार को ब्रेक जाम हो गए। इससे दोनों ट्रेनें खड़ी हो गई। ब्रेक ठीक होने के बाद ट्रेनों को रवाना किया गया। इससे यात्री परेशान रहे।
गजरौला के पास सुबह 9.50 बजे आला हजरत के ब्रेक जाम हो गए। पहियों से चिंगारी निकलता देख स्टेशन मास्टर भूप सिंह ने ब्रेक जाम होने की जानकारी दी। इसके बाद ब्रेक ठीक किए गए। 20 मिनट खड़ी रहने के बाद 10.15 बजे ट्रेन को रवाना किया। लोधीपुर के पास सुबह 11.40 बजे अवध एक्सप्रेस के ब्रेक भी जाम हो गए। हकीमपुर स्टेशन मास्टर की सूचना पर ट्रेन को लोधीपुर के पास रोका गया। 12.30 बजे ब्रेक ठीक करने के बाद ट्रेन को रवाना किया। 50 मिनट ट्रेन खड़ी होने से यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी।
हापुड़ और पिलखुआ के पास ट्रैक चटकने से एक दर्जन ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित रही। सुबह 7.55 बजे ट्रैक चटकने की जानकारी मिली और 8.20 बजे ट्रैक ठीक हो सका। इससे लखनऊ-नई दिल्ली एक्सप्रेस, वाराणसी नई दिल्ली महामना एक्सप्रेस, फिरोजाबा-दिल्ली एक्सप्रेस, पद्मावती एक्सप्रेस, छपरा से नई दिल्ली चलने वाली लोक नायक एक्सप्रेस, सत्याग्रह एक्सप्रेस, बरेली-नई दिल्ली इंटर सिटी एक्सप्रेस, सप्तक्रांति एक्सप्रेस, जन साधारण एक्सप्रेस, आनंद विहार-लखनऊ संचालित डबल डेकर एक्सप्रेस, नौचंदी एक्सप्रेस का संचालन बाधित रहा। ट्रेनों 50 से 80 मिनट तक लेट हुई। गजरौला और बरेली के पास रेलवे ट्रैक पर शव मिले। हालांकि, इससे ट्रेनों की आवाजाही बाधित नहीं हुई। सफीपुर के पास बारिश से डाउन लाइन पर पेड़ गिर गया। सुबह 8.55 बजे पेड़ गिरने की सूचना मिली और 9.20 बजे पेड़ को हटवा दिया गया।