बिलारी। विद्युत वितरण उपखंड बिलारी से जुड़े स्योंडारा विद्युत उपकेंद्र से पोषित अधिकतर ग्रामों में बीते दो माह से विद्युत लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। लो वोल्टेज के चलते अनेक नलकूप न चलने और कुछ नलकूपों द्वारा आधा पानी देने से परेशान किसान शुक्रवार को स्योंडारा बिजलीघर पहुंच गए। किसानों की बिजलीघर पर जेई से नोकझोंक हुई और विद्युत अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
स्योंडारा बिजलीघर से जुड़े अहलादपुर, मिलक, कासमपुर, गौरा शाहगढ़ आदि कई ग्रामों के निजी विद्युत नलकूप उपभोक्ताओं की समस्या यह है कि लो वोल्टेज आने की वजह से उनके विद्युत नलकूप नहीं चल पा रहे हैं। लो वोल्टेज पर नलकूप चलाने से मोटरें खराब हो रही हैं और जो नलकूप चल रहे हैं वह मुश्किल से आधा पानी दे पा रहे हैं। नलकूप उपभोक्ताओं के मुताबिक बीते लगभग दो माह से चल रही लो वोल्टेज की समस्या का समाधान कराने के लिए वह विद्युत विभाग के अधिकारियों को लिखित शिकायत भी कर चुके हैं लेकिन कोई समाधान नहीं निकला है।
मानसूनी बारिश काफी कम होने से किसानों की गन्ना और हरा चारा की अन्य फसलें सूखने लगी हैं। ऐसी स्थिति में किसानों को निजी विद्युत नलकूप चलाने की अधिक जरूरत पड़ रही है। शुक्रवार की सुबह से दोपहर तक इन ग्रामों में लो वोल्टेज की समस्या के चलते जब विद्युत नलकूप नहीं चल पाए तब किसानों में गुस्सा भड़क गया। बड़ी संख्या में कई गांव के किसान दोपहर को स्योंडारा बिजलीघर पहुंच गए। पहले तो किसानों की जेई से नोकझोंक हुई और उसके बाद किसानों ने विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। किसानों ने अपनी मांगों का ज्ञापन एसडीओ और अधिशासी अभियंता को भेजा। इस संबंध में स्योंडारा बिजलीघर के प्रभारी अवर अभियंता रामप्रसाद ने बताया कि लो वोल्टेज की समस्या स्थानीय स्तर से न होकर 132 केवी बिजलीघर से है। इस समस्या की जानकारी विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों को भी है। बारिश होते ही लो वोल्टेज की समस्या दूर हो जाएगी।