निर्धारित समय से अधिक घंटे ड्यूटी कराने से मालगाड़ी के चालक और गार्ड भड़क गए। उन्होंने शुक्रवार को डीआरएम कार्यालय में हंगामा किया और मालगाड़ी चलाने से इंकार कर दिया। रेल प्रशासन और अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। डीआरएम ने सभी को समझाकर शांत किया।
पिछले कुछ समय से यात्री गाड़ियां को रोक कर मालगाड़ियां दौड़ाई जा रही हैं। जिससे यात्री गाड़ियां लगातार लेट चल रही हैं। मुरादाबाद मंडल में क्षमता से अधिक मालगाड़ियां चलाई जा रही है। जबकि इन मालगाड़ियों को चलाने के लिए पहले से ही स्टाफ की कमी चल रही थी। शुक्रवार को नरमू के लोको ब्रांच के पदाधिकारी डीआरएम कार्यालय में पहुंच गए। उन्होंने रेल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने आरोप लगाए कि दबाव में अधिक घंटे ड्यूटी ली जा रही है। जिससे चालक और गार्ड तनाव में हैं। उन्हें आराम भी नहीं दिया जा रहा। जिससे हादसों की आशंका बढ़ती जा रही है। इसके बाद डीआरएम ने प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों को अपने केबिन में बुला लिया। उनसे वार्ता की और आश्वासन दिया कि निर्धारित समय से अधिक ड्यूटी नहीं ली जाएगी। आश्वासन मिलने के बाद सभी कर्मचारी शांत हो गए। नरमू के मंडल महामंत्री राजेश कुमार चौबे ने बताया कि निर्धारित समय से अधिक घंटे ड्यूटी ली जा रही है। अगर इसमें सुधार नहीं किया गया तो बडे़ स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। डीआरएम अजय कुमार सिंघल का कहना है कि शुक्रवार को कुछ चालक और गार्ड मिले थे। उन्होंने अपनी शिकायत रखी है। मामले की जांच करा ली जाएगी।