जिपं सदस्य के पति को जान से मारने की धमकी
अमर उजाला ब्यूरो
कुंदरकी (मुरादाबाद)।
जिला पंचायत सदस्य के पति एवं भाजपा नेता शरद चौहान को उनके मोबाइल पर गुरुवार को कॉल कर जान से मारने की धमकी दी गई। मोबाइल फोन कॉलर ने मात्र छह मिनट में पांच बार कॉल की। इस संबंध में मैनाठेर थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
मैनाठेर थाने क्षेत्र के ग्राम नूरपुर निवासी भाजपा नेता शरद चौहान की पत्नी विवेका चौहान वार्ड संख्या-45 से जिला पंचायत जिला पंचायत सदस्य हैं। भाजपा नेता शरद चौहान ने मैनाठेर थाने में लिखाई एफआईआर में कहा कि बीती 15 जून शाम में पांच बजकर 30 मिनट पर उनके मोबाइल पर पहली कॉल आई, दूसरी कॉल पांच बजकर 32 मिनट, तीसरी कॉल पांच बजकर 34 मिनट, चौथी कॉल पांच बजकर 35 मिनट और पांचवीं कॉल पांच बजकर 36 मिनट पर आई, जिसमें उनको कॉलर ने गालियां देते हुए एक सप्ताह के अंदर जान से मारने की धमकी दी गई।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि मोबाइल फोन कॉलर ने पूछने पर अपना नाम कल्लू पुत्र अ. करीम निवासी कायस्थान कुंदरकी बताया है। पीड़ित ने पुलिस से भविष्य में जान व माल का खतरे की आशंका जताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही मोबाइल फोन कर्ता की आईडी और कॉल डिटेल निकलवा कर कार्रवाई की जाए। मैनाठेर कोतवाल सतीश कुमार का कहना था कि भाजपा नेता शरद चौहान पुत्र जबर सिंह चौहान निवासी ग्राम नूरपुर की तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई और जांच की जा रही है।