हाईवे पर सर्राफ से लूट की गाज चौकी इंचार्ज समेत तीन पुलिस वालों पर गिरी है। एसएसपी ने चौकी इंचार्ज लाकड़ी और लैपर्ड पर तैनात दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया है। उधर, घटना के बाद से पुलिस ने दस से ज्यादा संदिग्धों को उठाकर पूछताछ की है। लेकिन फिलहाल घटना को लेकर कोई ठोस क्लू पुलिस के हाथ नहीं लगा है।
कटघर थाना क्षेत्र में मोहल्ला हनुमान मूर्ति तिराहा निवासी सोनू रस्तोगी पुत्र सुरेंद्र रस्तोगी और सिविल लाइन थानाक्षेत्र के चंद्रनगर गली नंबर-चार निवासी पवन रस्तोगी पुत्र राम आसरे लाल की पाकबड़ा जुमे के बाजार में सर्राफा की दुकानें हैं। रविवार को देर शाम दुकानें बंद करके घर लौटते वक्त दोनों ज्वैलर्स से बदमाशों ने गन प्वाइंट पर नगदी और जेवर समेत करीब ढाई लाख रुपये का सामान लूट लिया था।
बदमाश काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार थे। पीड़ित ज्वैलर्स का कहना था कि बदमाश पिछले कई दिनों से पाकबड़ा जुमे का बाजार में रेकी कर रहे थे। ज्वैलर्स ने इसकी सूचना पाकबड़ा पुलिस को दी थी लेकिन पाकबड़ा पुलिस ने इस सूचना को गंभीरता से नहीं लिया। उधर, घटना के बाद से मझोला पुलिस ने संदिग्ध बदमाशों को उठाकर पूछताछ करना शुरू कर दिया है।
लेकिन फिलहाल पुलिस को कामयाबी नहीं मिली है। इस बीच एसएसपी नितिन तिवारी ने चौकी इंचार्ज लाकड़ी अशोक कुमार विश्वकर्मा और लैपर्ड पर तैनात सिपाहियों अंकित व शेर सिंह को निलंबित कर दिया है।