कुंदरकी। कोर्ट के आदेश पर सोनकपुर पुलिस ने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर 2 लाख 54 हजार की ठगी करने के आरोप में चार सगे भाइयों पर केस दर्ज किया है। दुबई व कतर जाने का फर्जी टिकट व वीजा देने का आरोप है। पुलिस ने मुकदमे की विवेचना शुरू कर दी है।
सोनकपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सरथल बहेटा निवासी मोहम्मद फरमान ने कोर्ट में में प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि पहले से ही परिचित बदायूं जिले के बजीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम अख्तरा निवासी मुनाजिर, जफर, फरहान, मुईन उर्फ भोला का वर्ष 2022 से आना जाना था। चाराें भाई लोगों को सऊदी अरब, दुबई और कतर देशों में नौकरी पर भेजने का काम करते थे। इन लोगों ने उसे एवं उसके चचेरे भाई आसिफ अली को दुबई भेजने के लिए छह लाख रुपये बताए। 15 जुलाई 2023 को जफर के मोबाइल नंबर पर फोन के द्वारा 40 हजार रुपये उसने भेजे और 16 जुलाई 2023 को जनसेवा केंद्र के माध्यम से मुनाजिर के खाते में फोन पे से 10 हजार रुपये भेजे। इसके बाद 18 जुलाई 2023 को मुनाजिर, जफर, फरहान और गौस मोहम्मद को लेकर गांव बेहटा सरथल आए और एक लाख रुपये नकद ले गए। वह जल्द ही वीजा व टिकट दिलाने को कह गए थे। 17 सितंबर 2023 को मुनाजिर को फोन करने पर उसके भाई फरहान के मोबाइल पर जनसेवा केंद्र से 30 हजार रुपये भेजे और 20 सितंबर 2023 को मुनाजिर के फोन नंबर पर 19,000 रुपये भेजे और 05 अक्टूबर 2023 को शाहबुद्दीन जो कि जफर व मुनाजिर का दोस्त है उसके मोबाइल नंबर पर 10 हजार रुपये भेजे। वहीं 16 नवंबर 2023 को मुनाजिर व नईम उर्फ भोला ग्राम बेहटा सरथल आए और 45,000 रुपये ले गए, तब 14 सितंबर इन लोगों ने उसको एक हवाई टिकट व वीजा दुबई जाने के लिए 07 अक्टूबर 2023 दिए थे। जब पीड़ित इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा दिल्ली पहुंचा और एयरपोर्ट पर सत्यापन में टिकट व वीजा फर्जी मिला। शिकायत पर इन लोगों ने दोबारा 17 अक्टूबर 2023 को टिकट व वीजा कतर जाने के लिए दिया लेकिन एयरपोर्ट पर सत्यापन होने पर यह टिकट व वीजा फर्जी पाए गए। इन लोगो ने फिर से 15 अप्रैल 2024 को हय्या एन्ट्री परमिट विदेश जाने के लिए दिए तो वह भी दोनों फर्जी पाए। आरोप है कि इन लोगों ने आपराधिक षडयंत्र रचकर छल, कपट व प्रपंच करके कूटरचित फर्जी दस्तावेज बनाकर धोखा देकर 2.54 लाख रुपये ठग लिए और 23 जुलाई 2025 को उसने गौस मोहम्मद के फोन से अपने रुपये का तकादा किया तब इन लोगो ने रुपये देने से मना कर दिया और गलियां दीं। साथ ही जान से मारने की धमकी दी। इसके अलावा उन्होंने दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की भी धमकी दी। कोर्ट के आदेश पर अब पुलिस ने केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी।