बिलारी। शनिवार देर रात तेज आंधी आने के दौरान बिलारी देहात विद्युत उपकेंद्र के फीडरों की विद्युत लाइनों के 25 पोल टूट गए। सभी फीडरों की लाइनें ब्रेकडाउन में चली जाने की वजह से लगभग 12 घंटे तक पूरा विद्युत उपकेंद्र ठप रहा।
नगर के मोहल्ला अब्दुल्ला पूर्वी स्थित 132 केवी बिजलीघर से नगर में स्टेशन रोड स्थित विद्युत उपकेंद्र को हाईटेंशन लाइन के जरिए विद्युत आपूर्ति दी जा रही है। बिलारी देहात विद्युत उपकेंद्र के पांच फीडरों ईस्ट, नॉर्थ ईस्ट, नार्थ बेस्ट, नॉर्थ डोमेस्टिक और पीपली फीडर के माध्यम से लगभग 30 ग्रामों को विद्युत आपूर्ति दी जा रही है। शनिवार देर रात दस बजे से ग्यारह बजे के बीच कई तेज आंधी आने से पांचों फीडरों की विद्युत लाइनों में ब्रेकडाउन हो गया। विद्युत कर्मियों ने बताया कि पांचों फीडरों की लाइनों के लगभग 25 पोल टूट गए और कई स्थानों पर तार टूट गया। दो स्थानों पर पेेड़ भी टूटकर विद्युत लाइन पर गिर गए।
शनिवार सुबह विद्युत लाइन स्टाफ ने पेट्रोलिंग कर टूटे विद्युत पोलों और टूटे विद्युत तारों को ठीक किया। हालांकि शनिवार दोपहर को कुछ इलाकों में विद्युत उपकेंद्र से विद्युत आपूर्ति शुरू कर दी गई लेकिन पांचों फीडरों की टूटी विद्युत लाइनें शनिवार शाम तक ही ठीक हो पाईं। विद्युत अवर अभियंता ने बताया कि उपकेंद्र पर पहले से जो विद्युत पोल उपलब्ध थे, उन्हें टूटे विद्युत पोलों के स्थानों पर लगाकर विद्युत आपूर्ति सुचारु कर दी गई।